Black Salt On Watermelon: गर्मियों का मौसम आते ही तरबूज हर किसी की पहली पसंद बन जाता है। ठंडा, रसदार और शरीर को हाइड्रेट रखने वाला यह फल सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। लेकिन बहुत से लोग इसका स्वाद बढ़ाने के लिए इस पर काला नमक डालकर खाते हैं।

पर, क्या आपने कभी सोचा है कि यह आदत आपके स्वास्थ्य पर क्या असर डाल सकती है? जहां एक तरफ काला नमक पाचन में मददगार माना जाता है, वहीं इसका अधिक सेवन कुछ समस्याएं भी पैदा कर सकता है। खासकर जब इसे रोजाना या ज्यादा मात्रा में लिया जाए, तो इसके फायदे नुकसान में बदल सकते हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि तरबूज के साथ काला नमक खाना सही है या नहीं। आइए विस्तार से समझते हैं इस कॉम्बिनेशन के फायदे और नुकसान।
 
ये हैं फायदे

 1. पाचन में मदद

काला नमक में मौजूद मिनरल्स पाचन तंत्र को सक्रिय करने में मदद करते हैं। जब इसे तरबूज के साथ खाया जाता है, तो यह पेट में गैस बनने की समस्या को कम कर सकता है। कई लोगों को फल खाने के बाद भारीपन महसूस होता है, ऐसे में चुटकीभर काला नमक राहत दे सकता है। हालांकि यह असर व्यक्ति की पाचन क्षमता पर भी निर्भर करता है।

 2. इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखने में मदद

गर्मियों में पसीने के जरिए शरीर से सोडियम और अन्य इलेक्ट्रोलाइट्स निकल जाते हैं। तरबूज खुद पानी और पोटैशियम से भरपूर होता है, जबकि काला नमक थोड़ी मात्रा में सोडियम प्रदान करता है। दोनों का संतुलित सेवन शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद कर सकता है, खासकर जब आप धूप या गर्म वातावरण में ज्यादा समय बिताते हैं।

तरबूज पर काला नमक डालकर खाने के नुकसान

1. सोडियम की अधिक मात्रा

काला नमक भले ही सामान्य नमक से अलग हो, लेकिन इसमें सोडियम मौजूद होता है। अधिक मात्रा में सेवन करने से शरीर में सोडियम लेवल बढ़ सकता है, जिससे हाई बीपी का खतरा बढ़ता है। इसके अलावा वाटर मेलन यानी शरीर में सूजन की समस्या भी हो सकती है, जिससे दिल और किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।

2. किडनी पर असर

अगर कोई व्यक्ति पहले से किडनी या हाई बीपी से जूझ रहा है, तो नमक का ज्यादा सेवन स्थिति को और बिगाड़ सकता है। किडनी का काम शरीर से अतिरिक्त सोडियम बाहर निकालना होता है, लेकिन ज्यादा नमक लेने पर यह प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। लंबे समय तक ऐसी आदत किडनी फंक्शन को कमजोर कर सकती है।

 3. तरबूज के नेचुरल फायदे कम होना

तरबूज प्राकृतिक रूप से मीठा, हाइड्रेटिंग और विटामिन A, C से भरपूर होता है। जब इसमें नमक मिलाया जाता है, तो इसका नेचुरल स्वाद बदल जाता है। कई बार लोग स्वाद के चक्कर में ज्यादा नमक डाल लेते हैं, जिससे फल का असली पोषण संतुलन प्रभावित हो सकता है। बेहतर है कि इसे बिना किसी अतिरिक्त चीज के खाया जाए ताकि शरीर को पूरा लाभ मिल सके।
 
तो तरबूज पर काला नमक डालें या नहीं?

तरबूज पर काला नमक डालना पूरी तरह गलत नहीं है, लेकिन इसकी मात्रा का ध्यान रखना बेहद महत्वपूर्ण है। संतुलन बनाए रखना ही सेहत के लिए सबसे सही रास्ता है।