मां के पिंडदान की तैयारी कर रहा था बेटा, तभी बजी फोन की घंटी; और फिर…
प्रकाशम: भारत के दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश से कुदरत के करिश्मे और मानवीय संवेदनाओं की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं. जिस मां को मरा हुआ मानकर बेटा उसके अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, वो ढाई साल बाद अचानक ‘जिंदा’ लौट आई. यह कहानी किसी फिल्मी पटकथा जैसी लग सकती है, लेकिन प्रकाशम जिले में यह हकीकत बनकर सामने आई है.
प्रकाशम जिले के एल. कोटा गांव की रहने वाली वेंकटालक्ष्मी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं. करीब ढाई साल पहले, जब परिजन उन्हें इलाज के लिए गुंटूर के एक अस्पताल ले गए, तो वह वहां से अचानक लापता हो गईं. परिजनों ने उन्हें हर जगह तलाशा, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. दुखद बात ये रही कि पत्नी के वियोग में तीन दिन बाद ही उनके पति का भी निधन हो गया. समय बीतता गया और परिवार की उम्मीदें धुंधली पड़ती गईं.
ढाई साल का लंबा वक्त गुजर जाने के बाद, जब वेंकटालक्ष्मी का कोई पता नहीं चला, तो परिवार ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार उन्हें मृत मान लिया. घर में उनके अंतिम संस्कार (पिंडदान/श्राद्ध) की तैयारियां चल रही थीं. तभी अचानक खम्मम के अन्नम सेवा आश्रम से एक फोन आया. फोन पर मिली खबर ने पूरे परिवार के होश उड़ा दिए. सामने से बताया गया- आपकी मां जीवित हैं और हमारे पास सुरक्षित हैं.
खम्मम पुलिस को जुलाई 2023 में वेंकटालक्ष्मी सड़कों पर भटकती हुई मिली थीं, जिसके बाद उन्हें सेवा आश्रम में भर्ती कराया गया. आश्रम के संचालक अन्नम श्रीनिवास राव ने बताया कि लंबे इलाज और देखभाल के बाद उनकी मानसिक स्थिति में सुधार हुआ. ठीक होते ही उन्होंने अपने गांव और बेटे गुरवैया के बारे में जानकारी दी. जब बेटा गुरवैया आश्रम पहुंचा, तो अपनी मां को जीवित देख वह फफक-फफक कर रो पड़ा.
ढाई साल का दर्द और बिछड़ने का गम आंसुओं के जरिए बह निकला. आश्रम के आयोजकों ने परिवार को सम्मानित कर वेंकटालक्ष्मी को उनके बेटे को सौंप दिया. यह घटना हमें सिखाती है कि सेवा और समर्पण कभी व्यर्थ नहीं जाता. अन्नम सेवा आश्रम जैसे संस्थानों की वजह से ही आज एक बेटा अपनी मां से मिल सका और एक घर की खुशियां वापस लौट आईं. जो घर कल तक शोक की तैयारी कर रहा था, वहां आज उत्सव का माहौल है.

चाय की दुकान पर लेते ही पकड़ा गया घूस, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग की साजिश फेल, दिल्ली-NCR से दो संदिग्ध पकड़े गए
ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती शरद पवार, कार्यक्रम रद्द; बेटी सुप्रिया का हेल्थ अपडेट
डिटॉक्स वाटर पीने से पहले जान लें इसके साइड इफेक्ट
पहलगाम बरसी से पहले गरजी इंडियन आर्मी, पाकिस्तान को सख्त संदेश
BRTS हटने के बाद भी नहीं सुधरी इंदौर की ट्रैफिक व्यवस्था, हाई कोर्ट नाराज
खुशी से मातम में बदली कहानी, भोज के बाद लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
हीट स्ट्रोक के खतरे को कम करता है कच्चा प्याज
खुशियों के बीच हिंसा, शादी समारोह में चली धारदार हथियार