अंबिकापुर में मोबाइल दुकान पर धावा, 25 लाख की चोरी से सनसनी
अंबिकापुर। शहर के सबसे व्यस्ततम क्षेत्र गुदरी चौक में स्थित गोलू मोबाइल दुकान में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। दुकान के पीछे सेंधमारी कर चोरों ने करीब 25 लाख रुपए मूल्य के महंगे मोबाइल फोन और एसेसरीज पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की यह वारदात गुरुवार सुबह उस वक्त सामने आई जब दुकान संचालक गोलू जायसवाल रोज की तरह दुकान पहुंचे और अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। चोरों ने मोबाइल के खाली पैकेटों और कुछ साधारण मोबाइलों को दुकान के पीछे ही फेंक दिया था।
जानकारी के अनुसार, गुदरी चौक में स्थित गोलू मोबाइल दुकान के पीछे खाली ज़मीन है। जहां घनी झाड़ियां उगी हुई हैं और वह हिस्सा आबादी क्षेत्र से दूर है। चोरों ने इसी तरफ से दीवार में सेंध लगाकर भीतर प्रवेश किया। जब संचालक ने सुबह दुकान का सामने वाला शटर खोलकर अंदर प्रवेश किया तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था और अधिकांश महंगे मोबाइल गायब थे। तुरंत ही घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। जांच के दौरान पाया गया कि दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाई गई थी, जिसके आसपास कुछ मोबाइल फोन चोरों द्वारा छोड़ दिए गए थे। मोबाइलों के खाली पैकेट भी बिखरे पड़े थे। पुलिस का अनुमान है कि चोरी में कम से कम दो से तीन लोग शामिल रहे होंगे, जिन्होंने योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने मौके पर खोजी कुत्ते की मदद भी ली, लेकिन झाड़ियों और सुनसान इलाके के कारण चोरों के भागने के रास्ते का पता नहीं चल सका। बताया गया कि जिस दिशा से सेंधमारी की गई है, वहां न तो कोई सीसीटीवी कैमरा लगा है और न ही आसपास कोई आबादी है, जिससे चोरों को वारदात को अंजाम देने में पूरी सुविधा मिल गई।घटना के बाद से गुदरी चौक और आसपास के व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है।
उनका कहना है कि शहर के बीचोंबीच स्थित व्यस्त इलाके में इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।वर्तमान में कोतवाली पुलिस तथा साइबर सेल की टीम घटनास्थल पर जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदेहास्पद लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

चेन्नई में विजय का चुनावी दौरा रद्द, TVK प्रमुख ने समय और सुरक्षा पाबंदियों का हवाला दिया
अमित शाह का बड़ा बयान—एनडीए सत्ता में आई तो गोल्ड स्मगलिंग आरोपियों को 2 महीने में जेल
बंगाल में चुनावी जंग तेज, BJP-टीएमसी का हेट स्पीच विवाद अब EC तक
संसद का दृश्य भावुक: 19 सांसदों की शपथ, व्हीलचेयर पर नजर आए शरद पवार
पुलिस जांच में जुटी, हैवान मालिक के खिलाफ कार्रवाई तय
सुरक्षा में बड़ी चूक! विधानसभा परिसर में हंगामा, स्पीकर की गाड़ी पर स्याही फेंकी
घर में सेंध, लेकिन सोना-चांदी छोड़ गए चोर; पुलिस भी चकराई
स्कूल परिसर में मधुमक्खियों का कहर, वंदना कॉन्वेंट में अफरा-तफरी, कई घायल
NH-130 जाम, गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गईं, लोगों का गुस्सा भड़का
आशीष पांडेय का नाम इस्तेमाल कर किया अपराध, पुलिस अलर्ट