'आप इसके हकदार हैं', किंग कोहली ने 'प्रिंस' को इंग्लैंड में इतिहास रचने पर दी बधाई
कप्तान शुभमन गिल (161 रन) के दूसरे शतक की बदौलत भारत ने शनिवार को एजबेस्टन में जारी दूसरे टेस्ट के चौथे दिन अपनी दूसरी पारी छह विकेट पर 427 रन बनाकर घोषित की और इंग्लैंड को जीत के लिए 608 रन का अंसभव लक्ष्य दिया। पांचवें दिन इंग्लैंड के बल्लेबाज मुश्किल में होंगे क्योंकि टीम ने दूसरी पारी में स्टंप तक 72 रन तक तीन विकेट गंवा दिए जिसमें दो विकेट आकाश दीप और एक विकेट मोहम्मद सिराज ने झटका।
प्रिंस के नाम से मशहूर गिल ने एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में दोहरा शतक लगाया था। उन्होंने लगातार दो पारियों में दो शतक जड़कर अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज करा लिया। इसके बाद क्रिकेट के किंग कहे जाने वाले विराट कोहली ने इंस्टाग्राम स्टोरी में गिल की तारीफ की है। कोहली ने लिखा, 'क्या खूब खेला है स्टार बॉय। आप फिर से इतिहास लिख रहे हैं। यहां से सिर्फ आप ऊपर की तरफ जाएंगे और आगे बढ़ेंगे। आप इस सब के हकदार हैं।'
गिल ने चार पारियों में तीसरा शतक जड़कर रन बनाने का सिलसिला जारी रखा। उन्होंने पहली पारी में 269 रन बनाए थे। उनके अलावा दूसरी पारी में रवींद्र जडेजा (नाबाद 69), ऋषभ पंत (65) और केएल राहुल (55) ने अर्धशतक जड़कर योगदान दिया। भारत ने चौथे दिन चायकाल के एक घंटे बाद दूसरी पारी घोषित की। हालांकि पारी घोषित करने के समय पर विशेषज्ञों और प्रशंसकों ने सवाल उठाए जिसमें चेतेश्वर पुजारा ने ऑन एयर कहा कि भारत को कम से कम आधे घंटे पहले पारी घोषित कर देनी चाहिए थी। जब गिल के आउट होने के बावजूद पारी घोषित नहीं की गई तो होलीज स्टैंड में इंग्लैंड के प्रशंसकों ने बोरिंग बोरिंग के नारे लगाए। इसके तुरंत बाद हूटिंग शुरू हो गई। चायकाल से तुरंत पहले शतक तक पहुंचने वाले गिल ने शोएब बशीर और कामचलाऊ जो रूट की स्पिन जोड़ी के खिलाफ अपना आक्रामक रुख अपनाते हुए डीप स्क्वायर और मिड-विकेट पर स्वीप शॉट लगाए।
गिल की 162 गेंद की पारी में 13 चौके और आठ छक्के शामिल थे जिससे उन्होंने मैच में 430 रन बनाए। गिल और जडेजा ने पांचवें विकेट के लिए 175 रन की भागीदारी निभाई। इस प्रक्रिया में गिल ने किसी भी भारतीय के एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन जुटाने के मामले में महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने 1971 में पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ एक टेस्ट में 344 रन बनाए थे। वह गावस्कर के बाद एक ही टेस्ट में 200 और 100 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय भी बने। वहीं, इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट गंवा दिए हैं और उन्हें जीत के लिए पांचवें दिन 536 रन की दरकार है। आकाश दीप ने खतरनाक बेन डकेट और जो रूट के विकेट झटके जबकि सिराज ने जाक क्राउली को आउटस्विंगर पर बैकवर्ड प्वाइंट पर कैच कराया। हैरी ब्रूक और ओली पोप नाबाद हैं।

VIT भोपाल में टाइफाइड का प्रकोप, 40 से अधिक छात्र संक्रमित — हॉस्टल व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
अमेरिका में सख्ती की तैयारी, विदेशी वर्कर्स पर फोकस
पुलिस पूछताछ में टूटी कहानी, बहू ने कबूला सच
बाबा बागेश्वर के बयान पर सियासी तूफान, कई सवाल खड़े
रायपुर कांग्रेस में बदलाव, किन नेताओं को मिली जगह?
शराब पिलाकर हत्या, फिर चौथी मंजिल से फेंका—कोर्ट का सख्त फैसला
राजनीतिक बयानबाजी तेज, उषा ठाकुर के शब्दों पर बवाल