शातिर चोर दिन में करते थे रेकी, रात को देते थे अंजाम
कृषि उपज मंडी भैरूंदा में व्यापारियों को परेशान करने वाली गल्ला चोरी की घटनाओं का भैरूंदा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का लाखों रुपये का चना, मूंग और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल जब्त की है। हालांकि गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। चोर दिन में रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय चोरी को अंजाम देते थे।
थाना प्रभारी घनश्याम दांगी ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब 13 और 15 जून को गल्ला मंडी भैरूंदा के व्यापारियों प्रभु सिंह पंवार, अंकित खंडेलवाल, अक्षय अग्रवाल और महेश खंडेलवाल ने थाने में अनाज चोरी की अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराईं। लगातार हो रही इन चोरियों से मंडी व्यापारी बेहद चिंतित थे और पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सीहोर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने अनाज मंडी में चोरी करने वाले अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इन निर्देशों के पालन में एसडीओपी विजय अंभोरे के मार्गदर्शन में तत्काल दो टीमें गठित कीं। गठित पुलिस टीमों ने आधुनिक तकनीकी सहायता और नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से जांच कर अज्ञात आरोपियों की पहचान की।
मुखबिर की सूचना पर धर-दबोचा
पुलिस टीम को 16 जून को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली और इसी आधार पर नीलकंठ रोड भैरूंदा से तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस की गिरफ्त में आए इन शातिर चोरों ने अपने अपराध का तरीका बताया, जो बेहद सुनियोजित था। आरोपी दिन के समय कृषि उपज मंडी भैरूंदा में विभिन्न दुकानों की रेकी करते थे, यानी पूरी तरह से निरीक्षण कर लेते थे कि कहां और कब चोरी की जा सकती है। इसके बाद, रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वे मोटरसाइकिल से मंडी के पीछे से दुकानों में घुसते थे और बड़े पैमाने पर अनाज की चोरी को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपी लाडक़ुई निवासी राहुल उर्फ लड्डू बनवारी (27) पिता शान्तिलाल, पवन मीणा (19) पिता रामनिवास, विनोद बनवारी (32) पिता रामबगस के कब्जे से चोरी किया 18 कट्टी चना कीमत 53 हजार और 14 कट्टी मूंग कीमत 60 हजार के अतिरिक्त घटना में प्रयुक्त एक मोटर साइकिल कीमत 90 हजार इस प्रकार कुल 2 लाख मूल्य का मसरूका जब्त किया है। इन तीनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में एक आरोपी फरार है।

बंगाल में राशन पर सियासी घमासान: असदुद्दीन ओवैसी बोले- 'प्रिंस शुभेंदु' की जेब का पैसा नहीं है, जनता के टैक्स से चलती हैं योजनाएं
सुबह 'सब ठीक है' का दावा, शाम को बगावत: सिंचाई मंत्रालय मिलने से भड़के रामलिंगा रेड्डी, सीएम शिवकुमार को भेजा इस्तीफा
राउज एवेन्यू कोर्ट का बड़ा फैसला: नीट पेपर लीक के आरोपी शुभम की जेल यात्रा बढ़ी, सह-आरोपी मनीषा की जमानत याचिका पर आदेश सुरक्षित
मंदसौर में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट, गुप्त केबिन से भारी मात्रा में माल जब्त
पाटनगढ़ की पारंपरिक गोंडी कला अब पहुंचेगी दुनिया भर के खरीदारों तक
अटारी बॉर्डर पर गूंजेगा ‘जय हो’, BSF को म्यूजिकल ट्रिब्यूट देंगे एआर रहमान
जन्मदिन पर नेहा कक्कड़ का ग्लैमरस अंदाज, तस्वीरों ने खींचा सबका ध्यान
देशभर में आयकर अधिकारियों के तबादले, नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं
मप्र में राज्यसभा की जंग: मुख्यमंत्री की मौजूदगी में तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल का पर्चा, 18 जून को वोटिंग